दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के कीमती जेवरात किये पार

ऊँचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के सवैया तिराहा स्थित एक बंद घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर घर के दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपये के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए गहन छानबीन में जुट गई है।

घटना सवैया तिराहा के निकट सर्विस लेन के पास स्थित आदेश श्रीवास्तव के मकान की है। आदेश श्रीवास्तव लक्ष्मीगंज के पैड़ापुर गांव में टेंट हाउस चलाते हैं और बीते 15 दिनों से अपने परिवार के साथ वहीं निवास कर रहे हैं। सवैया तिराहा स्थित उनका यह पैतृक घर कुछ समय से खाली था, जहां उनकी गृहस्थी और कीमती सामान रखा हुआ था।

बीती रात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे की कुंडी काट दी और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने घर की दूसरी मंजिल पर रखी अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे लगभग 9 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।

बुधवार को जब आदेश श्रीवास्तव किसी काम से अपने इस घर की तरफ आए, तो मुख्य गेट की टूटी कुंडी देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। करीब 9 लाख रुपये के जेवरात गायब मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही ऊंचाहार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इस संबंध में कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही इस चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button