मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए राशन कोटेदारों को दिए निर्देश, डीएम ने की अपील
18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में करेंगे सहयोग, प्रारूप-6 और प्रारूप-8 के जरिए कर सकेंगे आवेदन

गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग एवं उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जनपद की मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं (राशन कोटेदारों) को निर्देश दिए हैं कि वे राशन लेने आने वाले कार्डधारकों के परिवारों में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र सदस्यों की जानकारी प्राप्त करें और उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो उसे प्रारूप-6 उपलब्ध कराकर आवेदन भरवाया जाए अथवा ऑनलाइन आवेदन करने में सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के समस्त नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। इसके लिए मतदाता सेवा पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से नाम की जांच की जा सकती है। इसके अलावा ईसीआईनेट (ECINET) ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे ऑनलाइन अथवा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन प्रारूप-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जिन नागरिकों का नाम किसी अन्य स्थान या राज्य की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है और वे अपना नाम गाजियाबाद में स्थानांतरित कराना चाहते हैं, वे नियमानुसार प्रारूप-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे समय रहते अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नामों की जांच करें तथा नाम दर्ज नहीं होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।



