दिव्यांग बच्चों के हुनर को मिला मंच, विकास भवन में लगा दीपावली हुनर हाट

राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया शुभारंभ, दिव्यांगजनों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों की लगी प्रदर्शनी और हुई बिक्री

गाजियाबाद। दिव्यांगजनों की प्रतिभा, हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य विकास भवन में ‘हुनर हाट दिव्यांगजन दीपावली मेला’ आयोजित किया गया। इंस्टीट्यूट ऑफ रिहैबिलिटेशन संस्था की ओर से दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से आयोजित मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान सहित विभिन्न दिव्यांग संस्थाओं के प्रतिनिधि, दिव्यांग बच्चे, युवा और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मेले में दिव्यांग बच्चों एवं युवाओं द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई और उनकी बिक्री भी की गई। प्रदर्शनी में मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी मोमबत्तियां, सजावटी मालाएं, लिफाफे तथा दीपावली पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए विभिन्न प्रकार की हस्तनिर्मित वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहीं। आगंतुकों ने उत्पादों की सराहना करते हुए खरीदारी कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस आयोजन में इंस्टीट्यूट ऑफ रिहैबिलिटेशन, आनंदा ट्रेनिंग सेंटर, भागीरथ सेवा संस्थान, नीव शक्ति संस्थान एवं बचपन डे केयर, नोएडा सहित कई संस्थाओं ने सहभागिता की। इन संस्थाओं से जुड़े बौद्धिक दिव्यांगता, श्रवण बाधित एवं अन्य श्रेणियों के दिव्यांग बच्चों ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

उन्होंने दिव्यांग पेंशन, कुष्ठावस्था पेंशन, सहायक उपकरण वितरण, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, दुकान निर्माण एवं संचालन, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार, यूडीआईडी कार्ड तथा शल्य चिकित्सा एवं कॉक्लियर इम्प्लांट जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी।

मंत्री ने दिव्यांग संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन दिव्यांग बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का काम करते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी करें, ताकि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उनमें प्रतिभा, परिश्रम और कौशल की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, उनके कौशल को प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

Related Articles

Back to top button