झाड़ियों में मिला लावारिस नवजात शिशु

ऊँचाहार , रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और ममता दोनों को शर्मसार कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के अरखा स्थित पीएचसी के पास झाड़ियों में एक लावारिस नवजात शिशु के मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका है कि किसी कलयुगी मां ने अनचाहे गर्भ या लोकलाज के खौफ से जन्म देते ही अपने जिगर के टुकड़े को मरने के लिए कंटीली झाड़ियों में फेंक दिया।

बुधवार को जब यह खौफनाक सच सामने आया, तो हर कोई सन्न रह गया। दरअसल, सरे-शाम झाड़ियों से आ रही एक मासूम की दर्दभरी चीखों ने स्थानीय लोगों के कदम रोक दिए। पास जाकर देखा तो नजारा रोंगटे खड़े करने वाला था। बिना एक पल की देरी किए, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई, बच्चे को उठाया और सीधा नगर के सीएचसी लेकर दौड़े, जिससे मासूम की जान बच सकी।

फिलहाल, सीएचसी में डॉ. निधि की कड़ी निगरानी में मासूम को रखा गया है। बुधवार दोपहर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडे ने बताया कि नवजात को जरूरी दूध और पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। खतरे से बाहर होने के बाद बेहतर देखभाल के लिए उसे जल्द ही जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन के मेमो पर पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और उस निर्दयी मां की तलाश में जुट गई है। इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। हर कोई उस पत्थरदिल मां को कोस रहा है जिसने समाज के डर से एक बेगुनाह मासूम को मौत के मुंह में धकेलने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।

Related Articles

Back to top button