रस्ता घेरकर मां और नावालिग बेटे को पीटा

भरथना,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के नगला दया गांव में एक नाबालिग किशोर के साथ मारपीट करने और उसकी मां के साथ भी अभद्रता कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर किशोर की साइकिल भी छीनकर ले गए। घायल किशोर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना में भर्ती कराया गया है।
गांव नगला दया निवासी मेवाराम पुत्र अमर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका 17 वर्षीय पोता परशुराम बीते दिन शाम करीब सात बजे बाहरपुर से घर का सामान लेकर साइकिल से गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।
आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर किशोर की मां मौके पर पहुंची तो गाली-गलौज करते हुए आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित के दादा के अनुसार, परशुराम के पिता नहीं हैं और परिवार मजदूरी करके गुजर-बसर करता है। मारपीट में किशोर को काफी अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.



