महिला-वृद्धजनों को बताए कानूनी अधिकार

निःशुल्क सहायता के लिए 15100 की दी जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सोमवार को ग्राम पंचायत भतौरा के पंचायत घर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

शिविर में अधिकार मित्र लालमन और राजेंद्र सिंह ने महिलाओं के अधिकारों, वृद्धजनों के अधिकारों तथा किन्नर समुदाय के कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए, ताकि शोषण या अन्याय की स्थिति में वह कानूनी सहायता प्राप्त कर सके।

इस दौरान आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न मामलों का सरल और त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।

शिविर में करीब तीन दर्जन महिलाएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में पंचायत सहायक अंजली, रविता, रिंकी देवी सहित अन्य महिलाओं ने सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button