वार्षिक निरीक्षण में गंदगी पर जताई नाराजगी
एसपी सिटी ने जसवंतनगर थाने का किया निरीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। देर शाम एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी ने थाना परिसर पहुंचकर वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली,अभिलेखों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर की साफ-सफाई से की गई।
मंदिर और पुलिस आवासों के पास गंदगी देख एसपी सिटी का पारा चढ़ गया। उन्होंने हेड दीवान को तलब कर तत्काल साफ-सफाई कराने और व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।इसके बाद एसपी सिटी ने हवालात का निरीक्षण किया और थाना परिसर में लंबे समय से खड़े वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों का निस्तारण कोर्ट की प्रक्रिया के तहत शीघ्र कराया जाए। साथ ही विभिन्न रजिस्टरों की जांच कर अभिलेखों का अवलोकन किया और रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी ने थाना परिसर में बने पुलिस आवासों, सीसीटीवी कैमरों, साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के सही उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि एआई आधारित उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल कर अपने-अपने बूथ व बीट क्षेत्र में अपराधियों पर सतत निगरानी रखी जाए।
पुरानी थाना भवन की जर्जर पुरानी बिल्डिंग की स्थिति को देखते हुए उन्होंने मेस और आवासीय क्वार्टर निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने और स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य कराने की बात कही वहीँ सीसीटीएनएस ऑफिस में परमानेंट स्लिप बनाने के लिए भी प्रस्ताव भी भेजने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया वहीँ एसपी सिटी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ई-पुलिसिंग की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। जल्द ही त्रिनेत्र योजना के तहत एआई तकनीक पर आधारित ‘यक्ष ऐप’ लागू किया जाएगा, जिससे अपराधियों का सत्यापन, बीट प्रणाली, वारंट, सम्मन, शस्त्र लाइसेंस फीडिंग व वेरिफिकेशन सहित अन्य कार्य और अधिक पारदर्शी होंगे।
निरीक्षण के दौरान थाना अध्यक्ष कमल भाटी, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार सहित समस्त पुलिस कर्मी मौजूद रहे। अंत में एसपी सिटी ने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना से कार्य करने के निर्देश दिए।



