रोजगार सेवकों नें डीएम को सम्बोधित ज्ञापन बीडीओ वर्षा सिंह को सौंपा
लंबे समय से लंबित मानदेय का भुगतान न होने के विरुद्ध खोला मोर्चा

महराजगंज, रायबरेली। विकास खण्ड के मनरेगा कर्मियों ने लंबे समय से लंबित मानदेय और ईपीएफ का भुगतान न होने के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। एपीओ राजीव त्यागी के नेतृत्व में रोजगार सेवकों नें डीएम को सम्बोधित ज्ञापन बीडीओ वर्षा सिंह को सौंप अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए अपनी मांगों के पूरा न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। मनरेगा कर्मियों का कहना है कि वे पूरी निष्ठा से विभाग के लक्ष्यों को पूरा करने में योगदान दे रहे हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। स्थिति यह है कि पिछली दीपावली से उन्हें वेतन नहीं मिला है और होली बीतने के बाद वर्तमान में भी वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
कर्मचारियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा मानदेय न मिलने के कारण वे पारिवारिक जिम्मेदारियां पूरी करने में असमर्थ हैं। आर्थिक तंगी के कारण कई कर्मचारी मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद-21 के तहत प्राप्त ‘जीवन के अधिकार’ का उल्लंघन बताया है। ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया गया है कि सरकार एक तरफ उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक मानव दिवस सृजित करने के लिए प्रशंसा कर रही है, वहीं दूसरी ओर जो कर्मचारी इस लक्ष्य को पूरा कर रहे हैं, उन्हें ही बुनियादी भुगतान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
अपनी मांगों को लेकर मनरेगा कर्मचारियों ने 07 मार्च 2026 को ज्ञापन सौंपने के बाद आगे की रणनीति तय की है। रणनीति में 06 मार्च से काली पट्टी बांधकर कार्य का बहिष्कार किया जा रहा है। 09 मार्च 2026 उप मुख्यमंत्री से मिलकर स्थिति से अवगत कराने हेतु ‘जनता दर्शन’ में उपस्थिति होने का निर्णय लिया और 10 से 15 मार्च 2026: स्थानीय जन प्रतिनिधियों (विधायक, सांसद आदि) को मामले से अवगत कराना। तथा 16 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री के ‘जनता दर्शन’ में अपनी बात रखना। मनरेगा कर्मियों का स्पष्ट कहना है कि यदि उनकी लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे और भी सख्त कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।
मौके पर शोभित प्रकाश सिन्हा, अविनाश चंद्र मिश्रा,सुरेश कुमार, अनुपम पांडेय, पूनम यादव, नन्हे लाल, आशा देवी, प्रेम कुमार, सत्येंद्र त्रिपाठी, देव नाथ, आनंद कुमार, मोहिनी वर्मा, अजय गुप्ता,प्रेम कुमार, कुलदीप सिंह,शिव मोहन तिवारी सहित अन्य मनरेगा कर्मी ज्ञापन देने के दौरान मौजूद रहे।



