फिरोजाबाद के लापता बालक को बलरई पुलिस ने मिलाया

लापता 13 वर्षीय बालक गलती से ट्रेन मे बैठकर पहुंचा था स्टेशन बलरई

जसवंतनगर,इटावा। ऑपरेशन मुस्कान के तहत बलरई थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए फिरोजाबाद जिले के एक बिछड़े 13 वर्षीय बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बच्चे के परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह गश्त और चेकिंग के दौरान बलरई रेलवे स्टेशन के पास एक बालक रोता-बिलखता मिला। पुलिसकर्मियों ने उसके पास पहुंचकर नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम आर्यन और पिता का नाम छविराम उर्फ सोनू राजपूत बताया। बालक अपने घर का पता नहीं बता सका। उसने बताया कि वह गलती से ट्रेन में बैठकर यहां पहुंच गया है और उसके मम्मी-पापा भी नहीं मिल रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बालक को परिजनों से मिलाने के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल अमित चौधरी और महिला कांस्टेबल पूजा तथा दूसरी टीम में उपनिरीक्षक शेर सिंह के साथ कांस्टेबल सोनू सिंह और महिला कांस्टेबल पिंकी ने तलाश शुरू की।

पुलिस टीमों ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए बालक के परिजनों का पता लगाया। इसके बाद आर्यन को उसके पिता छविराम उर्फ सोनू राजपूत, भाई आकाश और चाचा मनोज निवासी ग्राम नई गढ़ी, नगलाबर, थाना नगला खंगर, जिला फिरोजाबाद के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने परिजनों को बच्चों की उचित देखभाल करने की हिदायत भी दी।

Related Articles

Back to top button