घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट का आरोप

10-12 लोगों पर फावडा-सरिया से हमला कर दो लोगों को घायल करने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बनकटी बुजुर्ग, मलाजनी में घर में घुसकर एक परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने 10-12 लोगों पर लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसने, परिवार के सदस्यों पर हमला करने और नकदी व सोने के जेवर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

धर्मेंद्र चौहान पुत्र नरेश चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनके घर में घुस आए और उनके साथ ही उनके भाई तथा मां के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके सिर पर फावड़े से वार किया, जबकि उनके भाई के हाथ में सरिया मारकर घायल कर दिया।

पीड़ित के मुताबिक, घटना के समय घर में दीपावली पूजन की तैयारी चल रही थी। पूजा के लिए निकाली गई थाली के पास रखे करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 10 तोले सोने के जेवर आरोपी उठा ले गए। इनमें 100 और 50 रुपये के कुछ खुले नोट भी शामिल थे। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने हवाई फायरिंग की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

मामला संदिग्ध, सभी पहलुओं पर जांच

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मारपीट का मामला नजर आ रहा है। घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button