कैंपस प्लेसमेंट में 62 छात्रों का हुआ चयन
बीएससी एग्रीकल्चर के 34 और बीएससी केमिस्ट्री के 28 छात्रों का हुआ चयन

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (स्वायत्त महाविद्यालय) में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 62 विद्यार्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हुआ। सहज मिल्क प्रोड्यूसर्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।
प्लेसमेंट ड्राइव में बीएससी एग्रीकल्चर और बीएससी केमिस्ट्री के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें मिल्क फैसिलिटेटर के पद पर 34 और केमिस्ट के पद पर 28 विद्यार्थियों का चयन किया गया। कंपनी की ओर से मानव संसाधन प्रमुख भास्कर चौ.तिवारी,जिला प्रमुख (दूध खरीद) वीरेश कुमार और जिला गुणवत्ता प्रमुख संजय त्रिपाठी ने चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।
प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
ग्रुप डायरेक्टर डॉ.संदीप पाण्डेय ने कहा कि कैंपस प्लेसमेंट विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार हासिल करने का अवसर मिलता है।
इस दौरान प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र यादव,प्रबंधन समिति के सदस्य अशांक हनी यादव,नितिन आनंद और धर्मेंद्र कुमार समेत शिक्षक मौजूद रहे। महाविद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



