रेलवे बंद कर रहा सौ साल पुराना आम रास्ता

भाजपा नेता के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ऊँचाहार, रायबरेली। नगर की पुरानी रेलवे क्रॉसिंग से महादेवन आदि मोहल्ले को जाने वाला रेल लाइन के किनारे का मार्ग रेलवे बंद कर रहा है । जिसको लेकर नगर वासियों का गुस्सा फूटा है और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है ।

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत में ऊँचाहार-उन्नाव रेलमार्ग के दक्षिण दिशा में स्थित लगभग 100 वर्ष पुराने सार्वजनिक रास्ते को रेल विभाग द्वारा बंद किए जाने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि इस मार्ग के किनारे लगभग 50 दुकानें स्थित हैं, जहां दुकानदार अपना व्यवसाय कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस रास्ते से विद्यार्थी, दुकानदार तथा आसपास गांव के आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले लगभग 6000 से 7000 लोगों का प्रतिदिन आना-जाना होता है।

आरोप है कि रेल विभाग द्वारा वर्तमान में जेसीबी मशीन से खुदाई कराकर बाउंड्रीवाल का निर्माण कर रास्ते को बंद करने की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह रास्ता बंद हो गया तो दुकानदारों के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और स्कूली बच्चों, आम नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जनहित एवं जनसुविधा को देखते हुए इस प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर रेल विभाग को रास्ता बंद करने की कार्रवाई पर रोक लगाने के निर्देश दिए जाएं और पुराने सार्वजनिक रास्ते को सुरक्षित रखा जाए।

इस संबंध में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, रेलमंत्री भारत सरकार, खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री , विधायक ऊंचाहार , जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को भी प्रतिलिपि भेजी गई है। ज्ञापन देने वालों में राहुल गुप्ता ,संतोष गुप्ता ,महेंद्र यादव ,चंद्रिका मौर्या, अनवार, कल्लू मौर्या ,हीरा लाल गुप्ता पंडित जितेंद्र द्विवेदी , अनवर अहमद , अब्दुल वसीम , अशोक कुमारअग्रहरि, प्रमोद यादव आदि लोग शामिल थे।

Related Articles

Back to top button