राष्ट्र की स्वतंत्रता का जश्न हर्षौल्लाह से मनाया
शिक्षण संस्थाओं में छात्रों ने प्रस्तुत किए देश भक्ति नाटक

भरथना,इटावा। राष्ट्र की स्वतंत्रता का यह पर्व प्रत्येक भारतवासी को गौरवान्वित करने वाला क्षण है। आजादी के इस 80वें महापर्व को पूरे हर्षाेल्लास व राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ प्रत्येक सरकारी,अर्द्धसरकारी, निजी कार्यालयों,शिक्षण संस्थाओं में उमंगतापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
राष्ट्र के 80वें स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में भरथना नगर पालिका परिषद कार्यालय पर पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू ने सैकडों समाजसेवियों व सभासदों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया तथा सब्जी मण्डी में स्थापित महापुरूषों व शहीद पार्क में स्थापित चन्द्रशेखर आजाद व शहीद ए आजम भगत सिंह की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर राष्ट्रहित में उनकी बलिदानी का स्मरण किया गया। इस मौके पर कई समाजसेवियों सहित समस्त सभासदों व कर्मचारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
वहीं संत केवलानंद सीनियर सेकंडरी स्कूल और विक्टर पब्लिक इंटर कालेज में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संस्था के चेयरमैन रोहन सिंह ने और होली प्वाइण्ट एकेडमी में संस्था निदेशक डा.प्रदीप चन्द्र पाण्डेय ने लायन्स क्लब राधे-राधे भरथना के पदाधिकारियों के साथ तिरंगा फहराकर सलामी दी। तदुपरान्त छात्र-छात्राओं द्वारा समाज के लिए प्रेरणादायक विभिन्न सांस्कृतिक,सामाजिक व धार्मिक नाटकों का मंचन व मनमोहक वेशभूषा में नृत्य की प्रस्तुति की गई।
साथ ही माँ अम्बे पब्लिक स्कूल व लायन्स क्लब भरथना के संयुक्त तत्वाधान् में अध्यक्ष देवेन्द्र पोरवाल,अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत भरथना से निशान्त पोरवाल व अनिल श्रीवास्तव,अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन काँग्रेस के प्रदेश मंत्री सोनू कुमार आदि के नेतृत्व में पूरे उत्साह व उमंग के साथ नगर भ्रमण हेतु अलग-अलग भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के गुंजित स्वरों के बीच विशाल तिरंगा को अपने-अपने हाथों में थामे स्कूली छात्र-छात्राओं का श्रृंखलाबद्ध मनमोहक दृश्य प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहा। साथ ही समाजसेवी राष्ट्रीय गीतों की समधुर ध्वनियों के बीच थिरके। तिरंगा यात्रा का पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू व थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह द्वारा झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया गया। तदुपरान्त तिरंगा यात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया।
इसी क्रम में तहसील कार्यालय में उपजिलाधिकारी काव्या सी (आईएएस) ने, संस्कृति इंटरनेशनल स्कूल एवं कैंब्रिज मांटेसरी प्रीस्कूल में संस्थापक व।चैयरमैन अजय कुमार यादव गुल्लू व निदेशक अंकित यादव ने,जयोत्री एकेडमी में संस्थापक व पूर्व चैयरमैन मनोज पोरवाल व नितिन पोरवाल ने,ब्लाक कार्यालय पर ब्लाक प्रमुख विनोद दोहरे व पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिओम यादव आदि के अलावा नगर के सभी सरकारी व अर्द्धसरकारी सहित निजी कार्यालयों व शिक्षण संस्थाओं में संस्थाध्यक्षों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर आजादी के इस महापर्व की खुशियां राष्ट्रभावना के साथ पूरे हर्षोल्लास व उमंगता के साथ साझा की।



