शहीद तेजसिंह मावी की स्मृति में सिकरानी गांव में बना भव्य स्मृति द्वार, देश के वीर सपूत को दी श्रद्धांजलि
1962 के युद्ध में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे सिपाही तेजसिंह मावी, स्मृति द्वार नई पीढ़ी को करेगा उनके बलिदान के प्रति प्रेरित

गाजियाबाद। जनपद के ग्राम सिकरानी में वर्ष 1962 के युद्ध में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद सिपाही तेजसिंह मावी की स्मृति में नवनिर्मित स्मृति द्वार का भव्य उद्घाटन किया गया। समारोह में शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) राम प्रवेश सिंह रहे। समारोह में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पवन मावी, ग्राम प्रधान, ग्रामवासी और शहीद के परिजन उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय गाजियाबाद से वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार, कृष्ण कुमार और दीपक कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद तेजसिंह मावी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उनकी वीरता और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन राम प्रवेश सिंह ने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने ग्रामवासियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्मारक युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्मृति द्वार केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह गांव की नई पीढ़ी को शहीद तेजसिंह मावी के बलिदान और देश की रक्षा में सैनिकों के योगदान से परिचित कराएगा।
कार्यक्रम के अंत में गणमान्य नागरिकों, सैनिक परिवारों और ग्रामवासियों ने शहीद तेजसिंह मावी को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया।



