आवासीय परिसर के पार्क में ओपन जिम का हुआ शुभारंभ

यूपीयूएमएस सैफई के चिकित्सकों परिजनों को मिलेगा व्यायाम का लाभ

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश सैफई के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुलपति प्रो. डॉ.अजय सिंह ने बीते दिन शनिवार को विश्वविद्यालय के पुराने आवासीय परिसर स्थित पार्क में नवनिर्मित ओपन जिम का फीता काटकर उद्घाटन किया है।

इस ओपन जिम की स्थापना का उद्देश्य विश्वविद्यालय के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल एवं आवासीय परिसर के समीप ही नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके शुरू होने से विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य परिसर में ही विभिन्न व्यायाम उपकरणों का उपयोग कर अपनी शारीरिक फिटनेस एवं स्वास्थ्य का ध्यान रख सकेंगे।

इस अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन बेहतर कार्यक्षमता एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि परिसर में ऐसा सकारात्मक वातावरण विकसित किया जाए, जहां सभी लोग अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच भी स्वास्थ्य एवं फिटनेस के लिए समय निकाल सकें।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने तक ही सीमित नहीं है,बल्कि अपने चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भी प्रतिबद्ध है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल से परिसर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलने के साथ ही नियमित व्यायाम एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Back to top button