ट्रॉनिका सिटी में पुलिस की कार्रवाई, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल; हत्या में इस्तेमाल चाकू और तमंचा बरामद

गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में हार्डवेयर कारोबारी विनोद गुप्ता की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी बिलाल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार तड़के खानपुर जप्ती रोड पर श्मशान घाट के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में कारोबारी विनोद गुप्ता की हत्या के मामले में 12 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं।

बुधवार, 14 अक्टूबर की रात करीब 1:05 बजे खानपुर जप्ती रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस का सामना हत्या के मामले में फरार चल रहे बिलाल से हो गया। इस दौरान मुठभेड़ में बिलाल के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बिलाल पुत्र कासिम गिरी मार्केट का निवासी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button