मिथिला समाज ने श्रद्धा के साथ की भगवान विश्वकर्मा की पूजा, माता रानी के जागरण में गूंजे भजन

गाजियाबाद। संजय नगर सेक्टर-23 स्थित ई-ब्लॉक रामलीला ग्राउंड में मिथिला समाज की ओर से भगवान श्री विश्वकर्मा पूजा एवं माता रानी के भव्य जागरण का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मिथिला समाज के लोगों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भगवान श्री विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद माता रानी के भजनों और जागरण में श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान रामलीला ग्राउंड भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और माता रानी के जयकारों से परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने समाज, क्षेत्र और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में युवा महानगर उद्योग व्यापार मंडल गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष एवं संजय नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन गोयल तथा युवा महानगर उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ठाकुर बबलू सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। मिथिला समाज के पदाधिकारियों ने दोनों अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर विपिन गोयल ने कहा कि मिथिला समाज अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को जिस तरह आगे बढ़ा रहा है, वह सराहनीय है। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और संस्कारों को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि एकजुट समाज ही निरंतर प्रगति करता है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विपिन गोयल ने भगवान श्री विश्वकर्मा और माता रानी से सभी क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की और सफल आयोजन के लिए मिथिला समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी।
वहीं ठाकुर बबलू सिंह ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाज के लोगों का एक साथ शामिल होना सामाजिक एकता को मजबूत करता है। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में मिथिला समाज के अध्यक्ष रामप्रवेश के साथ मुखलाल शाह, इंद्र शाह, चुम्मन शाह, श्याम शाह, लल्लन शाह, संजय महतो, उमेश शाह, चंदेश्वर सिंह, रामप्रसाद शाह, उपेंद्र शाह, राजू शाह, राजकुमार शाह, शत्रुघ्न शाह, रविंद्र शाह, रूपलाल शाह, विश्वनाथ शाह, अक्षय लाल भगत, जय लाल शाह, सुदीश शाह, प्रमोद महतो, पालतू शाह, जितेंद्र सिंह, मिथुन शाह, सोनू, रजत, बिकाऊ शाह और जमुन शाह सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।



