गोद ली बेटी के सिर से उठा पिता का साया
डंपर की टक्कर ने छीन ली पिता की जिंदगी

जसवंतनगर,इटावा। शांति हवन में शामिल होकर घर लौट रहे एक युवक की जिंदगी सोमवार रात सड़क हादसे में थम गई। इकदिल कट के पास डंपर की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 35 वर्षीय रविंद्र कश्यप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रविंद्र की मौत से सिर्फ एक परिवार का सहारा ही नहीं छिना, बल्कि उस नौ वर्षीय मासूम के सिर से भी पिता का साया उठ गया, जिसे उन्होंने अपनी संतान की तरह गोद लेकर पाला था।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम केस्त निवासी रविंद्र कश्यप पुत्र कृष्ण मुरारी सोमवार को इकदिल क्षेत्र के गांव सबलपुर में अपने पारिवारिक जीजा के यहां आयोजित शांति हवन में शामिल होने गए थे। रात करीब 9:45 बजे वह बाइक से अपने गांव केस्त लौट रहे थे। इसी दौरान इकदिल कट के पास आगरा की ओर से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रविंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की खबर जैसे ही केस्त गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। घर पहुंचते ही रविंद्र की पत्नी संयुक्त अपने पति की मौत की खबर सुनकर बदहवास हो गईं। परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
बताया गया कि रविंद्र की कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपने भाई गौरी उर्फ राहुल की नौ वर्षीय बेटी छाया को गोद लिया था। छाया को वह अपनी बेटी की तरह प्यार करते थे और उसके भविष्य के सपने संजोए हुए थे। लेकिन सोमवार रात हुए इस हादसे ने मासूम की जिंदगी से पिता का साया छीन लिया।
रविंद्र के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में उनकी असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब परिवार में भाई गौरी ही प्रमुख सहारा बचा है। गांव में भी रविंद्र की अचानक मौत से शोक का माहौल है।



