बजरिया गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की नौवीं बैठक आयोजित, भाईचारा और शिक्षा-स्वास्थ्य पर दिया जोर
पंजाबी और सिख समाज को एकजुट रखने तथा सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर काम करने का लिया संकल्प, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तैयार किया गया

गाजियाबाद। बजरिया स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की नौवीं बैठक के अंतर्गत विशाल पंजाबी-सिख सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से किया गया। गाजियाबाद सिंह सभा उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की संस्थापक सदस्य है। इससे पहले प्रदेश के आठ अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, संरक्षक सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा गाजियाबाद, साहिबाबाद, मोदीनगर, मुरादनगर, हापुड़, मेरठ और नोएडा समेत आसपास के क्षेत्रों की सिंह सभाओं, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और पंजाबी समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यशोदा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. पीएन अरोड़ा भी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आगरा स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखिया बाबा रंजीत सिंह ने की। इस अवसर पर हस्तिनापुर से बाबा गुरमीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में वक्ताओं ने समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने, सामाजिक एकता बनाए रखने और मिलकर जनहित के कार्य करने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी और सिख समाज के बीच भेदभाव पैदा करने वाली सोच से दूर रहना चाहिए। गुरु नानक देव जी और गुरु गोविंद सिंह जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और समानता का संदेश देती हैं। गुरु घर की मर्यादाओं को मानने और गुरु साहिबान के प्रति श्रद्धा रखने वाले सभी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर समाज की उन्नति के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए।
सम्मेलन में कहा गया कि गुरु नानक देव जी की परंपरा के अनुरूप लंगर और कीर्तन दरबार जैसे धार्मिक एवं सेवा कार्यों के साथ अब शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी समाज के लिए व्यापक स्तर पर काम करने की आवश्यकता है। इस विषय पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और सामाजिक उत्थान के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के चेयरमैन सरदार हरमीत सिंह, महामंत्री एसपी सिंह ओबेराय, प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू, सचिव कुलविंदर सिंह ओबेराय, जगमोहन कपूर, युवा टीम से जसमीत सिंह, अमन करण गुर्जराल, उदीप सिंह, गुरदीप सिंह सोहोल, नामित पार्षद परमजीत सिंह पम्मी और अंकुश अरोड़ा तथा महामंत्री गौरव चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से कार्यवाहक अध्यक्ष निर्मल सिंह, संरक्षक गुरप्रीत सिंह बग्गा, भूपिंदर सिंह जसर, सतवंत सिंह सलूजा, सुरेंद्र सिंह बख्शी, धर्मवीर सिंह बग्गा और हरि सिंह बबलू ने भी अपने विचार रखे।
सम्मेलन के समापन पर समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तैयार किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंजाबी-सिख समाज में एकता, आपसी सहयोग और सामाजिक सेवा की भावना को मजबूत करना रहा।



