रेलवे क्रासिंग पर फंसा ट्रैक्टर रेल यातायात हुआ बाधित
आधा घंटे तक रेल ट्रैक रहा प्रभावित:कई ट्रेनें रुकीं

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराय भूपत रेलवे फाटक पर खाद से लदा एक ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक के बीच फंस जाने से गुरुवार सुबह 11 बजे से लगभग आधे घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर कई ट्रेनें प्रभावित हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर रेलवे फाटक पार कर रहा था, तभी उसका पिछला एक पहिया अचानक ट्रैक में फंस गया।
ट्रैक्टर में अधिक भार होने के कारण चालक उसे निकालने में असमर्थ रहा।इस घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों और राहगीरों की जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई।सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता और जेसीबी मशीन के सहयोग से काफी प्रयासों के बाद ट्रैक्टर को ट्रैक से हटाया जा सका। ट्रैक्टर हटाए जाने के बाद रेल यातायात पूरी तरह सामान्य हो गया। बताया गया है कि ट्रैक्टर को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ विभागीय कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



