मिशन शक्ति: पुलिस महिलाओं को किया जागरूक

भरथना,इटावा। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत भरथना थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र के गांव समसपुर में जागरूकता चौपाल आयोजित की। इसमें महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को आपातकालीन पुलिस सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इस दौरान छात्राओं को जागरूकता पंपलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक गीता देवी समेत तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



