टीला मोड़ में निर्माणाधीन मकान से आभूषण चोरी, मजदूर गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 875 ग्राम चांदी के आभूषण किए बरामद

गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 875 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी मकान में निर्माण कार्य के दौरान मजदूरी कर रहा था।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, कृष्णा विहार कुटी निवासी शिवकेश ने 14 अक्टूबर को पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके मकान की दूसरी मंजिल पर टाइल-पत्थर लगाने का काम चल रहा था। इसके लिए मिस्त्री बोबी और मजदूर जयभगवान सात अक्टूबर से काम कर रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, 11 अक्टूबर की सुबह उनकी पत्नी अलमारी की चाबी पहली मंजिल के कमरे में भूलकर नीचे चली गई थीं। उस समय शिवकेश और उनके भाई भी घर से बाहर थे। अगले दिन अलमारी खोलने पर सोने और चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने मिस्त्री और मजदूर पर चोरी का शक जताते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर मैनुअल इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने जयभगवान (38) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से दिल्ली के हर्ष विहार क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में टीला मोड़ क्षेत्र के कलीराम विहार में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 875 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इनमें पायल, कड़े, तगड़ी, गुच्छा, बाजूबंद, लॉकेट, पाजेब, बिछुआ, अंगूठी और छल्ला शामिल हैं। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम टीला मोड़ थाने की पुलिस की है।



