पुलिस ने संदिग्ध युवक किया गिरफ्तार
महलई मोड़ पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे युवक से बरामद किया तमंचा कारतूस

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात गश्त के दौरान महलई मोड़ के पास एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक शुभम वर्मा हमराह पुलिसकर्मियों के साथ बुधवार रात करीब 12:30 बजे क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महलई मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक उर्फ दीप पुत्र वीरेश यादव निवासी ग्राम नगला देवी, थाना करहल,जनपद मैनपुरी बताया। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष है। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर सील कर दिया और आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया।



