किसान सभा ने जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

महंगाई,खाद किल्लत और जलभराव समेत समस्याएं निस्तारण की उठाई मांग

जसवंतनगर,इटावा। उत्तर प्रदेश किसान सभा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर किसान सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन एवं धरना दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।ज्ञापन में

खाने-पीने और रसोई में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने, चीनी का अधिकतम मूल्य 40 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित करने तथा आवश्यक वस्तुओं को नियंत्रित दरों पर उपलब्ध कराने की मांग की गई। किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, खाद के साथ जबरन अन्य वस्तुओं की बिक्री पर रोक लगाने और ई-पॉस मशीन में अंगूठे व आंख की पुतली के मिलान की समस्या दूर करने की मांग भी उठाई गई।

किसान सभा ने जलभराव से निजात दिलाने के लिए नालों एवं नालियों की सफाई तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग रखी गई। इसके अलावा बिजली की अघोषित कटौती, बिलों में हेराफेरी, खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने और बिना सहमति विद्युत लोड बढ़ाने की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में जिला अस्पताल,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपस्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू तथा अन्य संचारी बीमारियों के इलाज, जांच, दवाइयों और पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा पशुओं का समय से टीकाकरण कराने की मांग की गई। आशा-संगिनी, रसोइयों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, खेत मजदूरों,किसानों एवं अन्य श्रमिकों की समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई गई।

किसान सभा ने अक्टूबर माह से धान खरीद के लिए पर्याप्त सरकारी क्रय केंद्र स्थापित करने,एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित कराने,गन्ने का मूल्य 550 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने तथा आलू किसानों को घाटे से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

इस मौके पर किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष रामबरन सिंह, संयुक्त जिला मंत्री संतोष राजपूत,मंडल अध्यक्ष रामनरेश यादव,मंडल सचिव राम सेवक यादव, विजयपाल सिंह, नेत्रपाल,सुशील कुमार, जबर सिंह शाक्य,दुष्यंत यादव,आशीष यादव, अंकित यादव,ध्रुव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button