कुत्ते के मुंह में मिला पांच माह का मानव भ्रूण

अस्पताल के कर्मचारियों ने पीछा कर कुत्ते के मुंह से छुड़ाया भ्रूण

जसवंतनगर,इटावा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य गेट के पास शनिवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया,जब एक आवारा कुत्ता मुंह में करीब पांच माह का मानव भ्रूण दबाकर अस्पताल के बगल में स्थित खेत की ओर जाता दिखाई दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुत्ते का पीछा किया और उसके मुंह से भ्रूण को छुड़ा लिया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह अस्पताल के मुख्य गेट के पास खड़े थे। इसी दौरान उनकी नजर एक कुत्ते पर पड़ी,जो मुंह में कोई वस्तु दबाकर तेजी से खेत की ओर जा रहा था। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारियों को कुत्ते का पीछा करने के लिए कहा।

कर्मचारी खेत तक पहुंचे और कुत्ते के मुंह से वस्तु छुड़ाई। जांच करने पर वह करीब पांच माह का मानव भ्रूण निकला। स्वास्थ्य कर्मियों ने भ्रूण को सुरक्षित तरीके से पैक कर स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि कुत्ता अस्पताल के पीछे स्थित कंजर कॉलोनी की ओर से भ्रूण लेकर आया होगा। हालांकि,भ्रूण कहां से आया और किसने उसे वहां फेंका,इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। अस्पताल के मुख्य गेट के पास हुई इस घटना से स्वास्थ्य कर्मियों और आसपास के लोगों में चर्चाओं का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button