चाइनीज मांझा बना मौत का फंदा, योगी सरकार ने जारी किए सख्त आदेश

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चाइनीज मांझे पर सख्ती बरतना प्रशंसनीय है। चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल करना अब बेहद भारी पड़ेगा। मांझा विक्रेताओं और पतंगबाजी के शौकीनों को सरकार की मंशा को गंभीरता से भाप लेना चाहिए। अन्यथा लेने के देने पड़ जाएंगे। चाइनीज मांझे से कोई जानलेवा हादसा होने पर न सिर्फ जेल की हवा खानी पड़ेगी बल्कि हत्या की धारा में केस भी चलेगा।

लखनऊ में बाइक सवार शोएब अहमद की दर्दनाक मौत के बाद उभरे विवाद को ध्यान में रखकर सरकार ने जो कदम उठाया है, वह समय की जरूरत है। चाइनीज मांझे की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। धारदार मांझे के कारण किसी की जान चली जाती है, कोई गंभीर रूप से घायल होता है। नायलॉन के धागे पर कांच की कोटिंग के बाद चीनी मांझा तैयार होता है। यह मांझा एक झटके में किसी की भी जान ले सकता है। सामान्य मांझा हाथ से टूट जाता है, जबकि चीनी को काटने के लिए कैंची का इस्तेमाल करना पड़ता है। जब भी चीनी मांझा से कोई हादसा होता है, दुकानदार इसकी बिक्री रोक देते हैं। पुलिस को भी छापे में कुछ नहीं मिलता।

सीएम योगी ने दिए सख्त आदेश

मामला शांत होने पर फिर कारोबारी सक्रिय हो जाते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद समूचे यूपी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध लग चुका है। हालांकि इस मांझे की ऑनलाइन बिक्री भी होती रही है। सरकार को ऑनलाइन बिक्री को रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाने की जरूरत है। देश में प्रतिवर्ष रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और मकर संक्रांति जैसे अवसरों पर जमकर पतंगबाजी होती है। हालांकि पतंगबाजी के कुछ शौकीन ऐसे भी हैं, जो अपना यह शौक पूरा करने के लिए किसी विशेष पर्व का इंतजार नहीं करते।

पतंगबाजी के नाम पर खेला जाता है जुआ

पतंगबाजी के नाम पर जुआ भी खेला जाता है। दरअसल दो प्रतियोगी शर्त लगाकर पतंगबाजी करते हैं। जो प्रतियोगी अधिक पतंग काट देता है, वह निर्धारित रकम जीत लेता है। वैसे चाइनीज मांझा सिर्फ इंसानी जान का दुश्मन हो, ऐसा नहीं है। इस मांझे के कारण बेजुबान परिंदों की जान भी अक्सर जाती रही है। आसमान में उड़ते समय कबूतर, कौवे, चील, तोते, चिड़िया, बाज आदि पक्षी कई बार इस मांझे की चपेट में आकर अपनी जान से हाथ धो बैठते हैं।

कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में चाइनीज मांझे की तेज धार को देखकर न्यायिक अधिकारी भी हैरान रह गए थे। जब मांझे ने कोर्ट में एक पेंसिल को काट दिया था, जिससे चीनी मांझे का खतरा सबके सामने आ गया था। जजों ने खुद देखा कि कैसे यह खतरनाक धागा एक पेंसिल को आसानी से काट सकता है। जजों ने कहा कि यदि पेंसिल जैसी सख्त चीज कट सकती है, तो इंसानों की जान को कितना खतरा है, यह साफ है। इंदौर में चीनी मांझे के कारण पिछले कुछ दिनों में तीन नागरिकों की मौत हो चुकी है।

‘ब्लू व्हेल’ से भी बुरा! आखिर क्या है वो Korean Love Game जिसने 3 बहनों की जान ले ली

अलबत्ता जो शौक दूसरों के लिए जानलेवा बन जाए, समाज में उसे बैन कर देना चाहिए। चाइनीज मांझा के विक्रेताओं और पतंगबाजों के खिलाफ जब तक कड़ी से कड़ी कार्रवाई नहीं होती तब तक बात नहीं बनेगी। सरकार को प्रत्येक जिले में विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करनी होगी। पतंगबाजी के शौकीनों को चाइनीज मांझे के दुष्परिणाम से भी अवगत कराने की जरूरत है ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।

Related Articles

Back to top button