नया उत्तर प्रदेश विकास का ग्रोथ इंजन, सुरक्षा और सुशासन हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि
सुल्तानपुर में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सुल्तानपुर जनपद में आयोजित विशाल जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था, विकास, रोजगार, निवेश और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को डबल इंजन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश “बीमारू राज्य” नहीं, बल्कि देश के विकास का “ग्रोथ इंजन” बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारें अपराधियों और गुंडों को संरक्षण देती थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। अब प्रत्येक नागरिक को समान सुरक्षा मिल रही है। इसी सुरक्षित वातावरण के कारण निवेश बढ़ा, उद्योग स्थापित हुए, नई सड़कें बनीं और विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है तथा सुल्तानपुर में नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा, जिससे युवाओं को शत-प्रतिशत रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के समय दंगों का भय बना रहता था, लेकिन अब प्रदेश में शांति और सौहार्द का वातावरण है। बिना किसी सिफारिश और लेन-देन के युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं तथा करोड़ों लोग विभिन्न स्वरोजगार और उद्यम योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या सहित प्रदेश के धार्मिक स्थलों के विकास को नई दिशा दी है। अयोध्या फोरलेन से जुड़ चुकी है, बिजेथुआ धाम का विकास कराया गया है और मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर विशेष कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन का दुरुपयोग होता था, जबकि अब वही धन आयुष्मान योजना, गरीबों के आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और धार्मिक स्थलों के विकास पर खर्च किया जा रहा है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे आम बात थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने भूमाफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि लखनऊ में एयरपोर्ट के पास 120 एकड़ भूमि को कब्जामुक्त कराकर वहां अत्याधुनिक फोरेंसिक संस्थान की स्थापना कराई गई।
अयोध्या और राम जन्मभूमि से जुड़े हालिया विवादों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही ट्रस्ट से जुड़ी घटना की जानकारी मिली, सरकार ने तत्काल एसआईटी का गठन कर जांच शुरू कर दी। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष पिछले एक माह से अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, जबकि उसकी वास्तविक पीड़ा मंदिर में चोरी नहीं, बल्कि भव्य राम मंदिर का निर्माण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को सम्मान दिया जा रहा है तथा विशेष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं। सरकार परिवारवाद नहीं बल्कि गरीब, किसान, नौजवान और आम जनता के हित में कार्य कर रही है।
प्रशासनिक व्यवस्था की हुई सराहना
मुख्यमंत्री की जनसभा का सफल आयोजन प्रशासनिक दक्षता का भी उदाहरण बना। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम के नेतृत्व में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, वीआईपी मूवमेंट तथा आमजन की सुविधाओं की व्यापक और प्रभावी व्यवस्था की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और जनसभा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की, वहीं पुलिस अधीक्षक चारु निगम के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। भारी भीड़ के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन की सुनियोजित कार्यशैली और कुशल प्रबंधन की जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में विश्वास व्यक्त किया कि सुल्तानपुर तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को देश के सबसे अग्रणी एवं विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी।


