नेपाल में भीषण हादसा! एक वैन गहरी खाई में गिरी; 10 लोगों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल

Nepal Road Accident Today: गुरुवार को नेपाल के मकवानपुर जिले में एक भयानक हादसा हो गया। काठमांडू से हेटौडा जा रही एक इलेक्ट्रिक ‘हाइएस’ (Hiace) वैन 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। ड्राइवर समेत 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
गुरुवार सुबह यह इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से हेटौडा जा रही थी, जिसमें सर्लाही जिले के यात्री सवार थे। भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू राजमार्ग पर चिसापानीगढ़ी के पास, ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया, जिससे वैन गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने में जुटी है। पांच घायलों को इलाज के लिए हेटौडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
10 सीटों वाली गाड़ी में 15 यात्री सवार थे
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस इलेक्ट्रिक वैन में केवल 10 लोगों के बैठने की जगह थी, लेकिन इसमें ड्राइवर समेत कुल 15 लोग सवार थे। इसका मतलब है कि गाड़ी में उसकी क्षमता से पांच यात्री ज्यादा थे। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल सर्लाही जिले की चक्रघट्टा ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में स्थित सुंदरपुर गांव के रहने वाले थे। घायलों में 33 वर्षीय मुकेश यादव, 5 वर्षीय सक्षम कुमार यादव और 3 वर्षीय सुदान यादव शामिल हैं।
शंघाई से सिंगापुर तक का कनेक्शन, जानें कौन हैं एलिस हुआंग; Nvidia के CEO के साथ जुड़ा नाम
युद्ध स्तर पर बचाव अभियान शुरू
हादसे की खबर मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल सेना और बागमती प्रांत की आपदा प्रबंधन इकाई की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सभी ने मिलकर युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस अधीक्षक (SP) श्याम बहादुर खत्री के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची। यह जगह भीमफेदी क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय से आठ किलोमीटर दूर है।



