दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर मकान पर जबरन कब्जा कर रहे है
स्टार एक्सप्रेस/ संवाददाता
गाजियाबाद। गिरधर एनक्लेव साहिबाबाद में रहने वाले एक युवक ने खुद को दिल्ली पुलिस का दरोगा बताने वाले एक दबंग से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक का आरोप है कि दिल्ली पुलिस का दरोगा उनके मकान पर जबरन कब्जा करना चाहता है। थाना पुलिस भी उनकी सुनवाई नहीं कर रही।
पीड़ित अरुण कुमार ने इस संबंध में एक प्रेसवार्ता करके जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अरुण का कहना है कि जिस मकान में वह रह रहा है उसे उनकी मां मधु शर्मा ने खरीदा था। माता और पिता की मृत्यु हो चुकी है और अरुण ने भी विवाह नहीं किया है, इसलिए वह मकान का अकेला मालिक है। पीड़ित ने बताया कि 10 अप्रैल की सुबह एनक्लेव में रहने वाला अरविंद चौधरी जो खुद को दिल्ली पुलिस का दरोगा बताता है,
वह उनके घर में घुस आया और पूछने लगा कि मकान कब खाली करोगे। आज उन्हें गृहप्रवेश करना है। इसके लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं और कार्ड भी बंट चुके हैं। यह सुनकर अरुण सकते में आ गए। उनका कहना है कि उन्होंने मकान बेचा ही नहीं तो फिर किसी ने खरीद कैसे लिया। अरुण के अनुसार अरविंद ने उनके साथ मारपीट की और लोगों को बुलाकर समान सहित घर से बाहर फिकवाने की बात कहते हुए चले। इसके बाद उन्होंने एन्कलेव की आरडब्ल्यू पदाधिकारी से भी शिकायत की। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी ने बताया कि गृहप्रवेश का कार्ड उनके पास भी आया है।
अरुण ने इस मामले में साहिबाबाद थाने में भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कारर्वाई नहीं की। अरुण का कहना है कि इस मामले में वह सीएम पोर्टल पर भी शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मकान पर कब्जे के लिए उनकी हत्या भी करवाई जा सकती है। अरुण ने पुलिस से उनकी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाइ।