चारपाई पर सो रहा था 3 साल का मासूम, पैर की अंगुली में सांप ने डसा; मौत से मचा कोहराम

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के कीरतपुर गांव में बुधवार तड़के जहरीले सांप के डसने से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कीरतपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार का तीन वर्षीय बेटा अर्पित मंगलवार रात घर में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब तीन बजे जहरीले सांप ने उसके उल्टे पैर की अंगुली में डस लिया। जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया।
अर्पित तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई कल्लू 12,अनमोल 7और बहन गुंजन 5 हैं। बेटे की मौत से मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर लखेरा कुआं चौकी प्रभारी कैलाश कुमार मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। नायब तहसीलदार नेहा सचान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांप के डसने से मौत की पुष्टि होने पर दैवीय आपदा के तहत परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई जा सकती है।



