नगर निगम परिसर में लगा स्वनिधि महोत्सव, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पथ विक्रेता हुए सम्मानित
40 स्टॉलों पर सजे स्थानीय उत्पाद, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला मंच; नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से किया जागरूक

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 नवंबर को गाजियाबाद नगर निगम परिसर में भव्य स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। शासन के दिशा-निर्देशों के क्रम में 15 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव में विभिन्न विभागों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं पार्षदगण उपस्थित रहे। महोत्सव में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लगभग 40 स्टॉल लगाए गए। इनमें पथ विक्रेताओं के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की गई। स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार और महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पथ विक्रेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों, स्वनिधि क्रेडिट कार्ड धारकों तथा डिजिटल लेन-देन के माध्यम से सफलतापूर्वक अपना व्यवसाय संचालित करने वाले पथ विक्रेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
महोत्सव में कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग और कौशल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से पथ विक्रेताओं को योजना के लाभ, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य छोटे व्यापारियों एवं पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, उनके कारोबार को प्रोत्साहित करना तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना रहा। साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया।
महोत्सव के माध्यम से पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और स्वरोजगार के जरिए आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।



