‘नोटबंदी दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार’: खजांची के 10वें जन्मदिन पर अखिलेश यादव का केंद्र पर तीखा हमला

Akhilesh Yadav Press Conference Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2016 की नोटबंदी के फैसले पर केंद्र सरकार के खिलाफ अब तक का सबसे कड़ा हमला बोला है। राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश ने नोटबंदी को ‘दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार घोटाला’ करार दिया। उन्होंने कहा कि आठ साल पहले लिए गए इस अनियोजित फैसले ने भारतीय अर्थव्यवस्था में ‘धीमे जहर’ की तरह काम किया, जिसने देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) की कमर पूरी तरह तोड़ दी।
सपा सुप्रीमो ने नोटबंदी के दौर में बैंक की कतार में जन्मे चर्चित बच्चे ‘खजांची’ के 10वें जन्मदिन का हवाला देते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खजांची के जीवन के 10 साल इस फैसले की विफलता का जीता-जागता सबूत हैं, जिसे सत्ताधारी दल ने कभी स्वीकार नहीं किया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जिस काले धन और नकदी को खत्म करने का दावा किया गया था, उसके उलट आज बाजार में नकदी का प्रचलन करीब 70 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। नोटबंदी ने छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और कारीगरों को तबाह कर दिया।
बैंकिंग सुधारों पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि इस फैसले के बाद बैंकों के विलय और शाखाओं के बंद होने का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने पूरे बैंकिंग तंत्र को गहरे संकट में धकेल दिया। आज स्थिति यह है कि बैंक विभिन्न शुल्कों और जुर्माने के नाम पर आम खाताधारकों की जेब काट रहे हैं, जिससे आधुनिक बैंकिंग पुराने जमाने के सूदखोरों और साहूकारों से भी ज्यादा नुकसानदेह साबित हो रही है।
कैसे थमेगी मतदान प्रक्रिया में धांधली, अखिलेश यादव के 3 नए फॉर्मूलों से थर्राया सियासी गलियारा
उन्होंने भाजपा के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को चुनौती देते हुए कहा कि नोटबंदी ने देश की आर्थिक गति को आजादी के दौर से भी पीछे धकेल दिया है। सरकार को 1947 की आर्थिक बुनियाद बनाम 2047 के काल्पनिक दावों पर खुली बहस करनी चाहिए। हालांकि केंद्र सरकार हमेशा से इस बात पर अडिग रही है कि 2016 के इस फैसले से टैक्स रिटर्न में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई, डिजिटल लेन-देन को मजबूती मिली और भारी मात्रा में अघोषित संपत्ति उजागर हुई।



