भव्य साज-सज्जा से निकली गणेश भगवान की शोभायात्रा
167 साल पुरानी ऐतिहासिक मैदानी रामलीला का हुआ भव्य शुभारंभ,दर्जनभर से अधिक झांकियों ने मोहा मन

जसवंतनगर,इटावा। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा गुरुवार की देर शाम नगर में ठाट-बाट और धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा के साथ ही देश-विदेश में प्रसिद्ध 167 वर्षीय ऐतिहासिक मैदानी रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। गणेश शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष डॉ0 पुष्पेंद्र नाथ पुरवार ने भगवान गणेश की प्रथम आरती उतारी। रेलमंडी वार्ड के वरिष्ठ सभासद ने समिति का स्वागत और सम्मान किया।
शोभायात्रा रेलमंडी से शुरू होकर लुधपुरा जैन मंदिर, नदी का पुल, सदर बाजार और बड़ा चौराहा होते हुए कैला गमा देवी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। शोभायात्रा में दर्जनभर से अधिक मनोहारी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पिलुआ महावीर की झांकी के साथ विभिन्न डोला पार्टियों के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
नगर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने द्वार-द्वार भगवान श्री गणेश की आरती उतारकर स्वागत किया। बैंड-बाजों, डीजे की धुन और भक्ति गीतों के बीच युवा जमकर थिरकते नजर आए। इस बार शामिल किया गया नया रोड शो भी आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। भगवान शंकर, राधा-कृष्ण समेत विभिन्न धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।
शोभायात्रा देखने के लिए नगर के विभिन्न मार्गों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े। नगरवासियों ने भव्य आयोजन के लिए गणेश शोभायात्रा समिति की सराहना की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर मौजूद रहे। कस्बा इंचार्ज हेमंत कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
शोभायात्रा में समिति के सचिव अभिषेक पोरवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ‘जीतू’, मीडिया प्रभारी कौशल यादव, सोमेश गुप्ता, अंकुर गुप्ता, विनय गुप्ता, सोनू कुशवाह, गोविंद गुप्ता, शशांक चौरसिया, अनुप दुबे, अनूप कुमार उर्फ मोनू, राहुल पाल, सचिन पाल, नितिन पाल, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, हिमांशू शर्मा, हेमंत ठाकुर, अभय कुमार, प्रदीप कुमार सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।



