भैया दूज पर बहन घर जा रहे भाई की दुर्घटना में मौत

मलाजनी हाईवे चौराहे पर गड्ढों से भरी सर्विस रोड पर ट्रक ने नई बाइक में मारी टक्कर:दो दिन पहले ही खरीदी थी नई बाइक

जसवंतनगर,इटावा। भैया दूज पर बहनों के घर टीका कराने गए युवक की घर लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। ग्राम मलाजनी के समीप निर्माणाधीन हाईवे चौराहे पर फ्लाईओवर की गड्ढों से भरी सर्विस रोड पर पीछे से आए ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 38 वर्षीय मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उनके दो बेटे राज और रौनक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इटावा के सारंगपुर निवासी मुकेश कुमार पुत्र ब्रह्मचंद बुधवार को भैया दूज के अवसर पर अपने दोनों बेटों के साथ क्षेत्र के ग्राम सिरसा,बीबामऊ और नगला इन्छा में रहने वाली अपनी बहनों के घर टीका कराने गए थे। बहनों से मुलाकात कर त्योहार की खुशियां बांटने के बाद वह बाइक से दोनों बेटों के साथ घर लौट रहे थे।

इसी दौरान मलाजनी के समीप निर्माणाधीन हाईवे चौराहे पर पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों बेटे भी चोटिल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी उपनिरीक्षक,ललित चतुर्वेदी,शुभम वर्मा और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया,लेकिन मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है।

बताया गया है कि मुकेश ने महज दो दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी। उसी बाइक से वह भैया दूज पर बहनों के घर खुशियां बांटने गए थे, लेकिन घर लौटते समय हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button