महावीर के निर्वाण कल्याणक पर चढ़ाया लाडू
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में विधि-विधान से हुआ पूजन

जसवंतनगर,इटावा। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक के पावन अवसर पर सोमवार को नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। इस दौरान अभिषेक, शांतिधारा और विशेष पूजन सहित धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजन के साथ हुआ। जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने धर्म आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित किया। निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य कुमदेश जैन, विशाल जैन एवं नितिन जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पूज्य मुनिश्री 108 भावसागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
धर्मसभा में मुनिश्री भावसागर महाराज ने भगवान महावीर के निर्वाण प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान महावीर ने पावापुरी के पद्म सरोवर क्षेत्र में योग निरोध के माध्यम से निर्वाण प्राप्त किया था। उन्होंने संसार के समस्त बंधनों का त्याग कर आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या, अहिंसा, संयम और आत्मशुद्धि की प्रेरणा देता है। उनके उपदेश आज भी मानव समाज को अहिंसा और आत्मकल्याण का संदेश दे रहे हैं।
इस अवसर पर मुनिश्री भावसागर महाराज ने रविवार को चतुर्दशी का व्रत एवं केशलोंच किया। सोमवार को उनका पारणा महेश चंद जैन के आवास पर संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में जैन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



