सुल्तानपुर में हुआ ‘जादुई’ आयोजन; दुर्गा पूजा से लेकर ईद तक, हर त्योहार में संगठन की ‘अनोखी’ भूमिका

सुल्तानपुर। जिला सुरक्षा संगठन सुल्तानपुर का रजत जयंती समारोह पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर एवं पूर्व महानिरीक्षक तथा जिला सुरक्षा संगठन की नींव रखने वाले आईपीएस आरपी सिंह रहे। समारोह में जिले भर से सैकड़ों गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि आरपी सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन और समाज के बीच एक विश्वास की खाई महसूस की थी। इसी दूरी को कम करने और परस्पर विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला सुरक्षा संगठन की स्थापना की गई, ताकि पुलिस, प्रशासन और समाज के सम्मानित नागरिक एक मंच पर आकर मिल-जुलकर कार्य कर सकें।

विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि सुल्तानपुर आगमन के बाद उन्होंने देखा कि जिला सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य सभी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में निस्वार्थ भाव से सहभागिता करते हैं। उन्होंने ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव 2025 में संगठन की भूमिका की प्रशंसा करते हुए संगठन के विस्तार को थाने स्तर तक ले जाने की बात कही। साथ ही कहा कि सभी धर्मों के त्योहारों—दुर्गा पूजा, होली, दिवाली, दशहरा, मोहर्रम, चेहल्लुम, ईद, बकरीद,गणेश पूजा और छठ—को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में संगठन की भूमिका सराहनीय रही है।

कार्यक्रम में कवि सम्मेलन ने समां बांध दिया। यमुना प्रसाद उपाध्याय, शोभनाथ फैजाबादी और अब्दुल मन्नान सुल्तानपुरी की रचनाओं पर सभागार तालियों से गूंज उठा। पुलिस अधीक्षक ने कवियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।मंच पर संगठन अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। महासचिव हाजी मोहम्मद इलियास खान, मुख्य संयोजक सरदार बलदेव सिंह,संरक्षक कमलनयन पांडेय, सुंदर लाल टंडन, संयोजक आशीष अग्रवाल, राधे श्याम गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया। मंच संचालन राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित वक्ता एवं साहित्यकार आयुष चतुर्वेदी ने किया।

इस मौके पर संयोजक जाहिद आब्दी, कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष नैय्यर रज़ा ज़ैदी, अरुण जायसवाल, कुलदीप गुप्ता सचिव, अफ्तार अहमद ज़िला मीडिया प्रभारी समेत ज़िला सुरक्षा संगठन के थाना गोसाईगंज,बंधुआ, कादीपुर, चांदा, कोतवाली नगर समेत पदाधिकारी, वार्ड अध्यक्ष एवं सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button