मां कालरात्रि के जयकारों से गूंजा देवी दरबार
कन्या भोज में उमड़ी कन्याओं की भाई भीड़

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा के मोतीगंज स्थित राजाराम पोरवाल पीतल वालों के हाते में श्री नवदुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित 30वें नवदुर्गा पूजा महोत्सव में सातवें दिन मां कालरात्रि के दरबार का नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन मनोज पोरवाल ने कपाट खोल कर मां के स्वरूप की पहली आरती उतार कर पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर देवी दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और मां के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
इसी बीच दिन के समय में विशाल कन्या भोज भी कराया गया, जिसमें नगर की सैकड़ों कन्याओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उन्हें भोजन कराया गया। कन्या भोज के दौरान कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
महोत्सव में सुसज्जित पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आचार्य राहुल दीक्षित और अमित मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन संपन्न कराया। इसके बाद संगीतमय आरती में महिला,पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संकटों से रक्षा की कामना की।
महोत्सव की व्यवस्थाओं में समिति अध्यक्ष सोनू मिश्रा डीलर,कोषाध्यक्ष विपिन पोरवाल छोटे, महामंत्री ओमजी पोरवाल,रूपकिशोर गुप्ता रूपे,अबिरल दुबे, राघव दुबे,सोनू,राजीव, रितिक पोरवाल,प्रदीप गुप्ता,नेक्से पोरवाल, भरत पोरवाल और चेतन पोरवाल सहित समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रहे।



