लोहे की जाली बदलने का काम शुरू, 1 से 30 सितंबर तक बंद रहेगा मार्ग; लोगों को हिंडन कैनाल रोड, जीटी रोड और एनएच-9 से करना होगा आवागमन

साहिबाबाद। हिंडन बैराज के निरीक्षण मार्ग पर लगी जर्जर लोहे की जाली को बदलने का काम शुरू हो गया है। इसके चलते 1 सितंबर से 30 सितंबर तक निरीक्षण मार्ग पर पूरी तरह आवागमन बंद रहेगा। इसकी सूचना हेड वर्क्स खंड आगरा नहर के ओखला कार्यालय की ओर से जिला प्रशासन को दी गई है।

मार्ग बंद होने से लाइनपार क्षेत्र से सिद्धार्थ विहार के रास्ते कनावनी और इंदिरापुरम आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा इंदिरापुरम और कनावनी से सिद्धार्थ विहार, प्रताप विहार और विजयनगर की ओर जाने वाले लोगों को भी वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

खंड आगरा नहर के अधिशासी अभियंता बिनोद कुमार सिंह की ओर से भेजी गई सूचना में बताया गया है कि हिंडन बैराज पर लगी लोहे की जाली गलने के कारण दोनों ओर की जाली को बदला जा रहा है। विभाग ने काम पूरा करने के लिए 30 सितंबर तक का समय निर्धारित किया है।

आवाजाही के लिए हो रहा था इस्तेमाल

बताया गया है कि हिंडन बैराज का निरीक्षण मार्ग मूल रूप से नहर के निरीक्षण कार्य के लिए बनाया गया है, लेकिन लंबे समय से इसका इस्तेमाल आम लोगों के आवागमन के लिए भी किया जा रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग ट्रांस हिंडन क्षेत्र और लाइनपार इलाके के बीच आवागमन करते हैं।

हेड वर्क्स खंड आगरा नहर के अवर अभियंता चवल सिंह भाटी ने बताया कि 30 सितंबर तक दोनों ओर की जाली बदलने का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम पूरा होने तक मार्ग पर आवाजाही बंद रहेगी।

इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल

हिंडन बैराज निरीक्षण मार्ग बंद रहने के दौरान लाइनपार क्षेत्र के लोगों को ट्रांस हिंडन आने-जाने के लिए हिंडन कैनाल रोड, जीटी रोड, एनएच-9 और न्यू लिंक रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। इससे इन मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की भी संभावना है।

Related Articles

Back to top button