किशोरी सशक्तीकरण कार्यक्रम में खेल प्रतिभाओं का हुआ चयन

संवाददाता स्टार एक्सप्रेस
सुल्तानपुर। किशोरी सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत पानी संस्थान द्वारा कटरा चुंघूपुर स्पोर्ट्स ग्राउंड पर किशोरियों की खेल प्रतिभा स्क्रीनिंग आयोजित की गई।
विकासखंड दोस्तपुर की 20 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में किशोरियों ने इसमें हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों की खेल क्षमता को पहचानकर उन्हें बेहतर अवसर और उचित प्रशिक्षण के लिए तैयार करना रहा।डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम अयोध्या से पहुंचे सीनियर स्पोर्ट्स कोच उपेंद्र शुक्ला और अंकित ने विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों की क्षमताओं का आकलन किया। प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ए, बी और सी ग्रेड में चिन्हित किया गया। कोचों ने प्रतिभागियों को उनकी क्षमता के अनुरूप खेलों का चयन, अभ्यास और आगे की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। आयोजन को सफल बनाने में पानी संस्थान दोस्तपुर की टीम ने सहयोग किया।



