गाजियाबाद पुलिस ने बरामद किए 555 चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन

1.55 करोड़ रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, सीईआईआर पोर्टल की मदद से असली मालिकों तक पहुंचाए जाएंगे

गाजियाबाद। चोरी, स्नैचिंग और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 555 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई नगर जोन की सर्विलांस टीम और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस ने मोबाइल फोन की तलाश के लिए सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को आधार बनाया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारियों का विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए।

किस थाने से कितने मोबाइल बरामद

  • कोतवाली नगर: 103 मोबाइल
  • विजयनगर: 91 मोबाइल
  • सिहानी गेट: 56 मोबाइल
  • नंदग्राम: 52 मोबाइल
  • कविनगर: 64 मोबाइल
  • मधुबन बापूधाम: 67 मोबाइल
  • वेव सिटी: 54 मोबाइल
  • क्रॉसिंग रिपब्लिक: 55 मोबाइल
  • साइबर क्राइम थाना: 13 मोबाइल

सीईआईआर पोर्टल से होगी मालिकों की पहचान

पुलिस की तकनीकी टीम बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर और अन्य जानकारियों का सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से मिलान कर रही है। मिलान के बाद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है और उन्हें फोन वापस लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तकनीकी संसाधनों से मोबाइल ट्रैक करने में जुटी पुलिस

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि चोरी, स्नैचिंग या गुम हुए मोबाइल फोन को खोजने के लिए पुलिस द्वारा तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतें मोबाइल फोन की पहचान करने और उन्हें ट्रैक करने में पुलिस की मदद करती हैं।

उन्होंने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए जा रहे हैं। मोबाइल फोन बरामद करने में सर्विलांस टीम और थाना पुलिस के बीच बेहतर तालमेल रहा है। पुलिस के अनुसार तकनीकी निगरानी और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से इस तरह के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button