फिरोजाबाद पहुंचे अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बोला हमला, कहा देश में कम आबादी वाले पा रहे ज्यादा लाभ

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल.

लखनऊ. शुक्रवार को फिरोजबाद पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में कम आबादी वाले ज्यादा लाभ पा रहे हैं जबकि जिनकी संख्या ज्यादा है उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा है। अखिलेश यादव यहां वीर चक्र विजेता करगिल युद्ध शहीद ‘बृजलाल’ की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे और जनसभा को भी संबोधित किया।

फिरोजबाद के नगला छवरैया में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 15 लाख एकाउंट में देने वाले कहां है? जिन्होंने कहा था कि 2 करोड़ नौकरियां दी जाएंगी, वह कहां है ? जनता को नोटबंदी के समय लाइन में खड़ा करने वाले बताएं कि कहा है काला धन? भाजपा यह बताए कि कितना भ्रष्टाचार कम हु्आ है?

उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जातिवादी होने का जो लोग आरोप लगाते रहे हैं वे तो बताएं जो 40 हजार लोग पैसा लेकर भाग गए वह किसके रिश्तेदार है? उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि एक अच्छा शराब बनाने वाले को भी भगा दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि अब बीजेपी चाहे कितनी भी टीम लेकर आए ए बी सी डी ई एफ जी एच, अब कोई नहीं बचा सकता है। 2019 देखना है, 2022 तो हम ले ही लेगें। अब सवाल काम और सम्मान का नहीं अब देश को बचाने का काम है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिनकी संख्या कम है वही लाभ उठा रहे हैं और जिनकी संख्या ज्यादा उनके लिए कुछ नहीं हो रहा है। बीजेपी ने शहीदों को सम्मान देने के बजाए योगेंद्र यादव जैसे शहीदों से यश भारती सम्मान भी वापस करा लिए। इतना ही नहीं भारतीय जनता पार्टी ने कवियों से पुरस्कार वापस कराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अब देश बचाना है और समाजवादी लोग आंदोलन को देश की सीमा तक ले जाने का काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव के अलावा रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव समेत समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button