त्रिपुरा में घायल कार्यकर्ताओं से अस्पताल में मिलने पहुंची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

 

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल :  त्रिपुरा (Tripura) में घायल TMC के युवा नेताओं को देखने के लिए एसएसकेएम अस्पताल (SSKM Hospital) में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहुंचीं। वह झाड़ग्राम के लिए रवाना होने से पहले सोमवार को 11:20 बजे अस्पताल पहुंची थी, उन्होंने डॉक्टरों से बात की। जया और सुदीप की शारीरिक स्थिति के बारे में बात‌ की। उसके बाद ममता बनर्जी ने अस्पताल परिसर में खड़े होकर त्रिपुरा सरकार और केंद्र के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। त्रिपुरा में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला और गिरफ्तारी के विरोध में टीएमसी सांसदों ने आज संसद के सामने गांधी मूर्ति के सामने प्रदर्शन किया था।

 

 

 

रविवार देर रात अभिषेक बनर्जी घायल नेताओं को साथ लेकर कोलकाता पहुंचे थे। उनके साथ शहर आए सुदीप राहा और जया दत्त को रविवार रात एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देबांग्शु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सुदीप फिलहाल वुडबर्न वार्ड के केबिन नंबर 103 में भर्ती हैं। उनका पहले ही एमआरआई और सीटी स्कैन हो चुका है। जया दत्त वुडबर्न वार्ड के वार्ड नंबर 203 में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री सोमवार सुबह जब घायलों को देखने अस्पताल गई थीं तब अरूप विश्वास भी साथ थे।

 

 

 

 

टीएमसी नेताओं पर लगाया हमले का आरोप
घायल युवा नेताओं को देखकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने त्रिपुरा सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहाए हमारे छात्र नेताओं को पुलिस के सामने पीटा गया है। सुदीप का सिर फट गया है। जया के कान फट गए हैं। उसके बाद भी 36 घंटे तक उनका इलाज नहीं हुआ। बीमारों को पानी भी नहीं दिया। थाने गए हमारे नेताओं को भी पानी नहीं दिया गया। बीजेपी बहुत क्रूर है। इससे पहले अभिषेक को प्रताड़ित किया गया था। उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। अगर उनकी कार सामान्य होतीए तो उनका सिर फोड़ दिया जाता।

 

 

 

 

गृह मंत्री अमित शाह पर बोला हमला
उसके बाद ममता बनर्जी ने सीधा अमित शाह पर हमला बोला। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि गृह मंत्री के निर्देश पर सब कुछ किया गया है। मेरा मानना ​​है कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री में इतना साहस नहीं है। दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ममता बनर्जी ने चेतावनी दी कि इनसे तृणमूल को नहीं रोका जा सकता। त्रिपुरा में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य की सत्तारूढ़ बीजेपी को हराने के लिए तृणमूल कांग्रेस ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। त्रिपुरा में अभिषेक बनर्जी के साथ पहुंचे नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर मचे बवाल के बाद अब सारे नेताओं को रिहा करा कर वह कोलकाता पहुंच चुके हैं। आज रात को अभिषेक दिल्ली रवाना होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button