‘1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब!’ सीएम योगी के दावे पर अखिलेश यादव का बड़ा पलटवार, यूपी में मचा सियासी भूचाल

UP Voter List SIR Controversy: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच गया है। अब तक विपक्षी गठबंधन और समाजवादी पार्टी चुनाव आयोग पर वोट काटने के आरोप लगा रहे थे, मगर अब सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बड़े खुलासे ने सबको चौंका दिया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं, जबकि मुस्लिम मतदाताओं के अनुपात में 1.65 फीसदी का इजाफा दर्ज हुआ है। सीएम योगी के इस बयान के सामने आते ही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला और इसे 2027 के चुनाव से पहले भाजपा की घबराहट करार दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक टेलीविजन इंटरव्यू में आंकड़ों के हवाले से बताया कि लगभग 66 लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके नाम पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में तो दर्ज हैं, मगर निर्वाचन आयोग की विधानसभा और लोकसभा सूची से नदारद हैं। इसके अलावा करीब 55 लाख हिंदू लाभार्थी जो सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 4.5 लाख युवा वोटरों के नाम भी सूची से गायब हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को औपचारिक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि फर्जी और मृत मतदाताओं के नाम हटाना सही है, मगर वास्तविक और पात्र नागरिकों के नाम कटना गंभीर चूक है, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कसा तंज
सीएम योगी के इस बयान पर फौरन पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसा। अखिलेश ने लिखा, “जब अपने पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई।” उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि अगर उनका दावा सच है तो वह विपक्ष की पुरानी आपत्तियों वाली पोस्ट को अपने आधिकारिक हैंडल से री-पोस्ट करें। अखिलेश ने आगे लिखा कि अब तुममें और हममें कोई फर्क नहीं रह गया है, न किसी शिकायत में और न किसी गम में। सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग द्वारा धर्म आधारित आंकड़े सार्वजनिक किए बिना मुख्यमंत्री को यह सटीक संख्या कैसे पता चली कि कितने हिंदू और मुस्लिम नाम कटे या जुड़े हैं।
कैसे थमेगी मतदान प्रक्रिया में धांधली, अखिलेश यादव के 3 नए फॉर्मूलों से थर्राया सियासी गलियारा
निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 15.44 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे। इस वृहद प्रक्रिया के दौरान सत्यापन के बाद करीब 2.04 करोड़ अपात्र व मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 84.28 लाख नए वोटरों को जोड़ा गया। पुनरीक्षण के बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल वोटरों की संख्या घटकर 13.39 करोड़ (13,39,84,792) रह गई है। 2027 के रण से पहले मतदाता सूची में नामों की इस घट-बढ़ ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नई रार छेड़ दी है।



