उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी का नौवां सम्मेलन बजरिया गुरुद्वारे में होगा आयोजित, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने पर होगा मंथन

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी का नौवां सम्मेलन 18 अक्टूबर को रेलवे रोड, बजरिया स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कमेटी के पदाधिकारी, गाजियाबाद की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के प्रतिनिधि और पंजाबी समाज की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

प्रेसवार्ता में आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश की आजादी से लेकर अब तक सिख एवं पंजाबी समाज के धार्मिक, सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े योगदान पर चर्चा करना है। इसके साथ ही समाज के भविष्य की दिशा तय करने और आने वाली पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत से जोड़ने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाना भी सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

समाज के सुझावों से तैयार होगा मांगपत्र

सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी अपने विचार और सुझाव रखेंगे। इन सुझावों के आधार पर समाज की प्रमुख समस्याओं और मांगों को शामिल करते हुए एक मांगपत्र तैयार किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए राज्यमंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख को सौंपा जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य सिख समाज से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष संगठित तरीके से उठाना है।

गाजियाबाद की गुरुद्वारा कमेटियों की रहेगी भागीदारी

उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के संस्थापक संरक्षक अध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह लार्ड तथा प्रदेश अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में गाजियाबाद की श्री गुरु सिंह सभा को संस्थापक सदस्यों में स्थान दिया गया है। आयोजकों ने बताया कि इससे पहले प्रदेश के आठ अलग-अलग जिलों में इस तरह के सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। गाजियाबाद में होने वाली यह नौवीं बैठक है।

सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचने वाले पदाधिकारियों और मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया जाएगा। आयोजकों की ओर से सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर के भोजन तक की व्यवस्था भी की गई है।

प्रेसवार्ता में गुरुद्वारा साहिब के चेयरमैन सरदार हरमीत सिंह, प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू, महासचिव सरदार एसपी सिंह ओबराय, सचिव कुलविंदर सिंह, सेक्टर-10 के सचिव जगमोहन, उपाध्यक्ष मनजीत सिंह सेठी, हरजिंदर सिंह ओबराय, शिवप्रीत सिंह और मन्नी सिंह राड़ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button