CEC के इस्तीफे पर आर-पार, लखनऊ में सड़कों पर उतरा विपक्ष! सपा ने घेरा कलेक्ट्रेट; जानें कांग्रेस ने क्या किया

SP Protest Lucknow Collectorate: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी लखनऊ में सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग मोर्चों पर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर कड़ा विरोध दर्ज कराया, वहीं कांग्रेस मुख्यालय पर जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बदसलूकी के खिलाफ काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मनाया और पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली।

सपाईयों ने जुलूस की शक्ल में की नारेबाजी

समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी के नेतृत्व में सपा छात्र सभा, महिला सभा और यूथ ब्रिगेड के सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” और “लोकतंत्र बचाओ” के नारों से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर गुंजायमान कर दिया। सपा नेताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच गहरा अविश्वास पनप रहा है, इसलिए मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल उनके पद से हटाया जाना चाहिए।

ईवीएम नहीं, बैलेट पेपर पर हुआ मुकाबला! कांग्रेस की ऐसी करारी हार देख उड़ गए सबके होश

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय कार्यालय पर गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिलाएं जुटीं। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने दो टूक कहा कि यह लड़ाई देश के संविधान को बचाने की है और कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस आर-पार के मूड में है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा की ओर पैदल मार्च शुरू किया। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही मार्च आगे बढ़ा, पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेसियों के बीच जमकर टकराव और धक्का-मुक्की हुई।

Related Articles

Back to top button