दबंगों ने कानून व्यवस्था को दिखाया ठेंगा रास्ते में कार रोककर किया पथराव

ऊँचाहार, रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुष्कर्म पीड़िता की मदद करने वाले युवक के परिवार को ही आरोपियों ने निशाना बना दिया।

बुधवार सुबह आरोपियों ने पीड़िता की मदद करने वाले कुंवर मोहित सिंह की पत्नी पर उस समय हमला कर दिया, जब वह अपनी मासूम बेटी को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थीं। इस हमले में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को गांव की दलित दुष्कर्म पीड़िता और उसके पति के साथ हुई सरेआम पिटाई के बाद गांव के कुंवर मोहित सिंह ने मानवता दिखाते हुए पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया था और कोतवाली में तहरीर दिलाने में मदद की थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी पक्ष बुधवार को आक्रोशित हो गया। बुधवार सुबह उनकी पत्नी रिद्धिमा सिंह अपनी बेटी को कार से स्कूल ले जा रही थीं, तभी रास्ते में आरोपियों ने कार को रोककर पथराव कर दिया। वायरल वीडियो में आरोपी कार के शीशे तोड़ते हुए दिख रहे हैं, जबकि कार के अंदर बैठी मासूम बच्ची अपनी मां से बचाव के लिए गुहार लगाती हुई सुनाई दे रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में पीड़ित महिला रिद्धिमा सिंह और उनकी बेटी घायल हुई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के तीन आरोपियों रितेश, शिवम और आयुष मिश्रा को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीओ ने कहा कि मामले में प्रभावी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

करणी सेना ने जताई नाराजगी , दी चेतावनी

जगतपुर के उड़वा गांव में महिला और उसकी मासूम बेटी पर हुए हमले को लेकर सियासत तेज हो गई है । करणी सेना भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूपेंद्र बहादुर सिंह ने घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक से बात की और जगतपुर कोतवाली पहुंचकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है । उन्होंने बताया कि यह घटना ये साबित करती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है । उन्होंने कहा कि इसमें पुलिस ऐसी कार्रवाई करे कि नजीर बने और दूसरा कोई इस प्रकार कोशिश करने का दुस्साहस न कर सके । उधर जिला पंचायत की प्रशासक रंजना चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर घटना को लेकर नाराजगी जताई है और कहा है कि पुलिस यदि पहले चेत जाती तो घटना न होती ।

Related Articles

Back to top button