अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, अतिक्रमण, बिजली-पानी व राशन कार्ड सहित विभिन्न शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, अवैध अतिक्रमण, रास्ते एवं सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति, विद्युत, नाली और साफ-सफाई समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, डीएफओ श्रीमती ईशा तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



