न रोनाल्डो, न फर्नांडिस! युजवेंद्र चहल ने इस खिलाड़ी को बताया अपना ऑल-टाइम फेवरेट, नाम सुनकर चौंक जाएंगे

Yuzvendra Chahal Manchester United: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल क्रिकेट की पिच पर अपनी फिरकी का जादू बिखेरने के साथ-साथ यूरोपीय फुटबॉल के भी दीवाने हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड के पक्के और जुनूनी समर्थक चहल का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के बाद ‘रेड डेविल्स’ जोरदार वापसी करते हुए प्रीमियर लीग पॉइंट्स टेबल में ऊपर चढ़ सकती है और अपने प्रदर्शन से आलोचकों को चौंका सकती है। चहल हाल ही में इंग्लैंड के प्रतिष्ठित ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम पहुंचे थे, जहां उन्होंने स्टैंड्स में बैठकर अपनी पसंदीदा टीम का हाई-वोल्टेज मैनचेस्टर डर्बी मुकाबला लाइव देखा।
प्रीमियर लीग के मैच देखना कभी नहीं भूलते- चहल
जियोस्टार के साथ बातचीत में चहल ने बताया कि मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ उनका रिश्ता महज एक दर्शक का नहीं, बल्कि बचपन के गहरे जुड़ाव का है। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें खेल और दौरों से फुर्सत मिलती है, वे प्रीमियर लीग के मैच देखना कभी नहीं भूलते। चहल ने साझा किया कि अपने दोस्तों को घर पर बुलाना, साथ बैठकर यूनाइटेड का बड़ा मुकाबला देखना, और उस दौरान भावनाओं का उतार-चढ़ाव व हंसी-मजाक उनके जीवन के सबसे पसंदीदा पलों में से एक है।
ओल्ड ट्रैफर्ड में मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ खेले गए डर्बी मुकाबले के रोमांच और दर्द को बयां करते हुए चहल ने कहा कि जब मैनचेस्टर सिटी के एक खिलाड़ी को बाहर भेजे जाने के बाद विरोधी टीम 10 खिलाड़ियों पर सिमट गई, तो उन्हें पूरी उम्मीद जगी थी कि यूनाइटेड यह बाजी अपने नाम कर लेगी। मैदान पर ऐसे कई पल आए जब जीत बेहद करीब लग रही थी, लेकिन इसके बाद एर्लिंग हालैंड का गोल और फिर उस गोल को लेकर उपजा वीएआर (VAR) विवाद एक सच्चे यूनाइटेड फैन के तौर पर दिल तोड़ने वाला था। हालांकि, चहल ने खेल भावना दिखाते हुए कहा कि फुटबॉल की यही खूबसूरती है, जहां नतीजे हमेशा मनमाफिक नहीं होते।
रोहित-विराट सब पीछे! 30 गेंदों में शतक ठोकने वाला भारत का वो खूंखार, जिसका रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया
टीम के वर्तमान स्वरूप और अपने पसंदीदा खिलाड़ी के बारे में बात करते हुए चहल ने मैथियस कुन्हा के जुझारूपन की जमकर तारीफ की। चहल के अनुसार, कुन्हा जिस आक्रामकता, ऊर्जा और जज्बे के साथ मैदान पर उतरते हैं, विपक्षी डिफेंडरों को छकाते हैं और पूरी टीम में जोश भरते हैं, वह काबिले-तारीफ है। उन्होंने दृढ़ विश्वास जताते हुए कहा कि बचपन से यूनाइटेड का फैन होने के नाते वे हर परिस्थिति में टीम के साथ खड़े रहेंगे और उन्हें यकीन है कि टीम टेबल में लंबी छलांग लगाएगी। अंतरराष्ट्रीय ब्रेक समाप्त होने के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड का अगला बड़ा इम्तिहान शनिवार, 10 अक्टूबर को टॉटेनहम हॉटस्पर के खिलाफ होने वाले मुकाबले में होगा।



