कटका क्लब सामाजिक संस्था एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण का कार्यक्रम संपन्न हुआ

सुलतानपुर/कटका क्लब सामाजिक संस्था एवं वन विभाग सुल्तानपुर के संयुक्त तत्वावधान में संस्था के स्थापना दिवस एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री सुभाष इंटर कॉलेज, पलिया में पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कटका क्लब के प्रदेश प्रभारी ऋषभदेव शुक्ला ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कटका क्लब सामाजिक संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ ने बताया कि संस्था स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कार्यक्रम आयोजित करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कटका क्लब लगातार वृक्षारोपण, पक्षी संरक्षण, जल संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। कटका क्लब के प्रदेश मंत्री शिव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया है।
विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग और निबंधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। वहीं कटका क्लब के प्रदेश प्रभारी ऋषभदेव शुक्ला ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी जयसिंहपुर, बेचूलाल वन दरोगा, शिक्षक साहित्यकार सर्वेश कांत वर्मा, वीर विक्रम सिंह, कथा वाचक शनि मिश्र, अनमोल अग्रहरि के साथ सैकड़ों छात्र छात्राएं शामिल हुई।



