दिल्ली से गांजे की खेप लाकर एनसीआर में करते थे सप्लाई, दो तस्कर गिरफ्तार
साहिबाबाद पुलिस ने 4 किलो गांजा बरामद किया, पुड़ियों में बांटकर बेचने की थी तैयारी

गाजियाबाद। दिल्ली से गांजे की खेप लाकर गाजियाबाद और एनसीआर में सप्लाई करने वाले दो तस्करों को साहिबाबाद पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गिरफ्तार किया है। मोहननगर चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से चार किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजे को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर अलग-अलग इलाकों में बेचने की तैयारी में थे।
बुधवार को साहिबाबाद थाना पुलिस की टीम भोपुरा की ओर जाने वाले रास्ते पर मोहननगर चौकी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने दो लोगों को रोककर तलाशी ली। उनके पास से गांजे की बड़ी खेप बरामद होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों की पहचान संजय (46), निवासी प्यारे लाल कॉलोनी, साहिबाबाद और तैफीदुल इस्लाम (39), निवासी साहेबगंज, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।
घर पर तैयार करते थे गांजे की पुड़ियां
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रात के समय दिल्ली से चोरी-छिपे गांजा लेकर आते थे। इसके बाद संजय के घर पर गांजे को छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार किया जाता था। इन पुड़ियों को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में बेचकर मुनाफा कमाया जाता था।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को भी दोनों चार किलो गांजे की खेप लेकर संजय के घर जा रहे थे, लेकिन मोहननगर चौकी के पास चेकिंग के दौरान पकड़े गए।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
चार किलो गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी दिल्ली में गांजा कहां से लाते थे और एनसीआर में किन लोगों को इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपितों के संपर्कों, सप्लाई चैन और संभावित खरीदारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।



